राहुल के तरकश से निकलेंगे कई चुनावी तीर
देहरादून। पहले गृह मंत्री अमित शाह,फिर प्रधानमंत्री मोदी और मई के आखिरी सप्ताह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के चुनावी बिगुल फूंकने के बाद अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उत्तराखण्ड दौरे ने विधानसभा चुनाव की तपिश को कई गुना बढ़ा दिया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी चार व पांच जून को अल्मोड़ा,पौड़ी और देहरादून से भाजपा की हैट्रिक की कोशिश को विफल करने की कोशिश करेंगे।
बीते दिनों मोदी-शाह और नितिन नबीन ने मैदानी इलाके देहरादून और हरिद्वार से ही चुनावी रणभेरी बजायी। जबकि राहुल गांधी पर्वतीय इलाके व दून घाटी से भाजपा को निशाने पर लेंगे।
करो या मरो की स्थिति से जूझ रही कांग्रेस के लिए 2027 का विधानसभा चुनाव अस्तित्व का सवाल बन गया है। 2017 व 2022 में भाजपा से शिकस्त खा चुकी कांग्रेस के लिए 2027 का चुनाव जीवन मरण का भी प्रश्न बन गया है।
अगर , भाजपा ने हैट्रिक मार दी तो कांग्रेस के फिर से राजनीति के अखाड़े में खड़े रहना ही मुश्किल हो जाएगा।
इन्हीं राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने नवंबर 2025 में ही गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह व हरक सिंह को चुनावी मोर्चे से जुड़ी अहम जिम्मेदारी सौंप दी थी। इस फैसले ने चुनाव को लेकर कांग्रेस की गम्भीरता को भी स्पष्ट कर दिया था।
राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे में गढ़वाल-कुमाऊं के अलावा दून के मैदान से भाजपा पर प्रहार कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चुनावी जंग जीतने का मंत्र देंगे।
पूर्व सैनिकों से संवाद के जरिये फौजी बहुल प्रदेश में भाजपा की मजबूत किले में सेंध लगाने की कोशिश में रहेंगे।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी के दौरे को लेकर जनता में भारी उत्साह है। भाजपा राज में महंगाई,भ्र्ष्टाचार व लचर कानून व्यवस्था से जनता त्रस्त आ चुकी है। सरकारी कर्मी आंदोलित हैं।
रैली की तैयारी में जुटे गोदियाल ने कहा कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था के प्रतीक बदरीनाथ- व केदारनाथ धाम के खजाने से लूट हो रही है। बीकेटीसी श्रद्धालुओं के दान को अपने नेताओं पर लुटा रही है। ऐसे सभी ज्वलंत मुद्दों पर कांग्रेस के लोकप्रिय नेता राहुल गांधी पहाड़ के मतदाताओं तक पहुंचाएंगे।