मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुजनों के छुए चरण, लिया आशीर्वाद

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अपने पूर्व शिक्षकों से वर्षों बाद मिलना भावुक और यादगार पल बन गया। देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की मुलाकात अपने दो पुराने शिक्षकों से हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिना किसी औपचारिकता के आगे बढ़कर दोनों शिक्षकों के चरण स्पर्श किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री धामी की मुलाकात प्राथमिक कक्षा की शिक्षिका जोहरा अब्बास और कक्षा 12वीं के शिक्षक सुदर्शन वर्मा से हुई। अपने पुराने विद्यार्थी को प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में देखकर दोनों शिक्षक बेहद प्रसन्न नजर आए।

इस अवसर पर शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के विद्यार्थी जीवन की पुरानी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि पुष्कर सिंह धामी पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में भी काफी सक्रिय रहते थे। वह स्कूल के कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेते थे और एक होनहार एवं सक्रिय विद्यार्थी के रूप में उनकी पहचान थी।

दोनों शिक्षकों ने कहा कि अपने पुराने विद्यार्थी को आज प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में देखकर उन्हें गर्व और खुशी महसूस हो रही है।

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने अपने जीवन में शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरु के प्रति सम्मान और संस्कारों की यह तस्वीर एक बार फिर गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता को दर्शाती नजर आई।