हिंदी दिवस पर CM विष्णु देव साय ने की बड़ी घोषणा, प्रदेश में अब Hindi में होगी मेडिकल चिकित्सा की पढ़ाई
हिंदी दिवस को लेकर पूरे छत्तीसगढ़ में कई कार्यक्रम आयोजित हुए . वहीं, इस खास मौके पर प्रदेश के सीएम विष्णु देव साय ने बड़ा ऐलान किया है.अब प्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई हिंदी भाषा में आयोजित की जाएगी.
हिंदी दिवस के मौके पर हिंदी प्रेमियों को छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने बड़ा तोहफा दिया है. ये तोहफा मेडिकल की पढ़ाई से जुड़े छात्र-छात्राओं के लिए बेहद खास है.क्योंकि प्रदेश में अब हिंदी भाषा में भी मेडिकल की पढ़ाई की जा सकेगी. इससे पहले मध्य प्रदेश सरकार ने भी मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिंदी भाषा में कराने का ऐलान किया था.
सीएम ने कहा इस साल के प्रथम सत्र 2024-25 में एमबीबीएस की पढ़ाई की सुविधा हिंदी भाषा में भी उपलब्ध होगी. इसके लिए छात्र छात्राओं की संख्या अनुरूप आवश्यक पुस्तक उपलब्ध कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दे दिए गए हैं.
स्वास्थ्य विभाग को दिए गए निर्देश: हिंदी दिवस पर 14 सितंबर को एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए सीएम ने कहा हमारी सरकार ने यह निर्णय लिया है कि प्रदेश में अब एमबीबीएस की पढ़ाई हिंदी में भी होगी. इसके लिए छात्र-छात्राओं की संख्या अनुरूप आवश्यक पुस्तक उपलब्ध कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए हैं. इस निर्णय से राज्य के 10 शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को लाभ होगा.
मुख्यमंत्री ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी दिवस की सार्थकता इस बात में है कि हम शासन प्रशासन और शिक्षा के हर स्तर पर हिंदी को लागू करें, हिंदी को बढ़ावा दें.